

- भेज्जी और चिंतागुफा क्षेत्रों में पुलिस ने दो वर्षों से फरार दो नक्सलियों को धर दबोचा।
सुकमा।
सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में दो फरार नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना भेज्जी और थाना चिंतागुफा की संयुक्त कार्यवाही में यह गिरफ्तारी की गई है।
पहली घटना में थाना भेज्जी क्षेत्रांतर्गत ग्राम रेगड़गट्टा में निर्माणाधीन कन्या आश्रम में मजदूरों से मारपीट, लूट और जेसीबी वाहन में आगजनी की घटना में संलिप्त नक्सली मुचाकी हिड़मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हिड़मा विगत दो वर्षों से फरार चल रहा था और पुलिस के पास इस बात की पुख्ता जानकारी थी कि वह 26 अगस्त 2024 को रेगड़गट्टा में मौजूद होगा। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने डीआरजी और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी घटना थाना चिंतागुफा क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने ग्राम करीगुड़म के एक ग्रामीण की हत्या के आरोपी नक्सली कलमू भीमा उर्फ दाबू को गिरफ्तार किया। भीमा 2023 से फरार था और पुलिस मुखबिरी के आरोप में एक निर्दोष ग्रामीण की हत्या में शामिल था।
गिरफ्तार किए गए दोनों नक्सली, जिनकी गिरफ्तारी पिछले दो वर्षों से लंबित थी, को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा और शेष फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।










