

- महादेव ऐप के हवाला नेटवर्क पर शिकंजा, गुजरात से मास्टरमाइंड दिनेश व्यास गिरफ्तार
रायपुर।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात पुलिस के सहयोग से ज्वाइंट ऑपरेशन में मास्टरमाइंड दिनेश व्यास को गिरफ्तार कर लिया है। दिनेश को उसके पैतृक गांव ब्राह्मणवे से पकड़ा गया है, जो गुजरात के पाटन जिले के चांसमा पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश व्यास के खिलाफ 3 जुलाई को लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस गिरफ्तारी से महादेव ऐप को समर्थन देने वाले वित्तीय नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है, जिससे ऐप के खिलाफ चल रही जांच में एक बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि दिनेश व्यास की गिरफ्तारी के बाद आने वाले दिनों में और भी बड़े अपराधियों की गिरफ्तारी हो सकती है, जिससे महादेव ऐप के गैरकानूनी गतिविधियों का पूरा नेटवर्क उजागर हो सकता है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस ऑपरेशन को लेकर राज्य में सुरक्षा एजेंसियों के बीच एक मजबूत संदेश भेजा है।









