- अनिल अरोड़ा, मर्चेंट नेवी से वीआरएस ले चुके थे
- खुदकुशी की वजह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला
बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के पिता अनिल अरोड़ा (67) ने बुधवार सुबह बांद्रा स्थित आयशा मैनॉर बिल्डिंग की 7वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। मौके पर पहुंची पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में खुदकुशी की बात सामने आ रही है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव को फिलहाल बाबा अस्पताल में रखा गया है।
अनिल अरोड़ा मर्चेंट नेवी में थे और उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ली थी। डीसीपी राज तिलक रोशन ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अनिल अरोड़ा की मौत के पीछे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
जब मलाइका को पिता के निधन की खबर मिली, उस समय वह पुणे में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत मुंबई पहुंचीं। मलाइका के करीबी सूत्रों ने PTI को बताया कि अनिल अरोड़ा की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक दुर्घटना थी। पुलिस के पंचनामे से मामले की सच्चाई सामने आएगी।
अनिल अरोड़ा की पूर्व पत्नी जॉइस पॉलीकॉर्प ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अनिल हर सुबह बालकनी में बैठकर अखबार पढ़ते थे। बुधवार को जब जॉइस ने लिविंग रूम में अनिल की स्लीपर्स देखीं और उन्हें बालकनी में नहीं पाया, तो उन्होंने नीचे झांका। नीचे वॉचमैन मदद के लिए चिल्ला रहा था।
जॉइस ने कहा कि अनिल किसी गंभीर बीमारी से नहीं जूझ रहे थे, सिर्फ घुटनों में हल्का दर्द रहता था। जॉइस और अनिल का कई साल पहले तलाक हो चुका था, लेकिन हाल के वर्षों में वे फिर से साथ रह रहे थे।
अनिल अरोड़ा एक पंजाबी हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते थे। मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त अनिल की शादी जॉइस पॉलीकॉर्प से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—मलाइका और अमृता अरोड़ा। तलाक के बाद बेटियों की कस्टडी जॉइस को मिली थी।









