जशपुरनगर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बगिया कैम्प कार्यालय अब उम्मीदों का आशियाना बन गया है। इस कैम्प कार्यालय से जरूरतमंद लोगों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है।
हाल ही में, फरसाबहार विकासखण्ड की मुखोल सुन्दुरू पंचायत की निवासी मंदाकिनी यादव को मुख्यमंत्री के इस पहल से सुनने में असमर्थता की समस्या से मुक्ति मिली है।
मंदाकिनी यादव ने बताया कि वह काफी समय से सुनने की समस्या से जूझ रही थीं और कई अस्पतालों का चक्कर काटने के बावजूद उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ था। उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन कैम्प कार्यालय के बारे में जानकर उन्होंने सहायता के लिए आवेदन किया।
कैम्प कार्यालय से उन्हें एक सुनने की मशीन प्रदान की गई, जिसके बाद मंदाकिनी अब स्पष्ट रूप से सुन सकती हैं। इस सहायता के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद किया और कहा कि “कैम्प कार्यालय वास्तव में हमारे जैसे लोगों के लिए एक आशा की किरण बन कर आया है।”









