बलौदाबाजार।
बलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र में शराब माफियाओं ने अवैध शराब छुपाने का नया तरीका अपनाया है। इस बार उनका ठिकाना बना एक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना मकान, जहां के सेप्टिक टैंक में 8 बोरियों में भरी अवैध शराब बरामद की गई। यह घटना बिनौरी गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर स्थित एक खेत में हुई।

घर के मालिक दुर्गेश धुव्र ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से गांव से बाहर रहते हैं और हाल ही में चुनाव में वोट डालने गांव लौटे थे। आज सुबह जब वे खेत में लकड़ी लेने पहुंचे, तो उनकी नजर सैप्टिक टैंक पर पड़ी, जिसका दरवाजा गायब था। पास जाकर देखने पर उन्होंने देखा कि टैंक के बाहर जुट की बोरियों में शराब की बोतलें भरी पड़ी थीं।
दुर्गेश धुव्र ने इस घटना की जानकारी संपंच प्रतिनिधि संन कुमार साहू को दी। इसके बाद संन कुमार साहू ने तत्काल पलारी पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सैप्टिक टैंक से 8 बोरियों में भरी करीब 1100 नाग यानी 22 पेटी एमपी की अवैध प्लेन शराब जब्त की।
पुलिस के अनुसार यह शराब मध्यप्रदेश की है जिसे अवैध रूप से लाकर बेचा जा रहा था। घर के मालिक ने स्पष्ट किया कि उनका सेप्टिक टैंक अभी निर्माणाधीन है और वहां कोई नहीं रहता। आशंका जताई जा रही है कि चुनाव को प्रभावित करने की नीयत से इस शराब को छिपाया गया था।
ग्रामीणों का मानना है कि शराब माफिया चुनाव के दौरान शराब का प्रयोग करते रहे हैं और इस बार वे इसे ठिकाने नहीं लगा सके, इसलिए इसे सैप्टिक टैंक में छिपा दिया गया। पुलिस ने शराब जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है, साथ ही संदिग्धों की तलाश भी जारी है।









