रायपुर।
महादेव सट्टा ऐप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एक ओर CBI की रेड और FIR को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रही है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर करारा पलटवार किया है।
कांग्रेस-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप तेज
कांग्रेस ने CBI रेड को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ कहा कि चाहे कोई कितना भी ताकतवर क्यों न हो, कानून से बड़ा कोई नहीं है।
मंत्री जायसवाल ने आगे कहा, “सरकार हर घोटाले पर नजर रख रही है। अगर कोई पावर का दुरुपयोग कर घोटाले करेगा तो कार्रवाई निश्चित है। कांग्रेस को खुश होना चाहिए कि गलत कार्यों पर कार्रवाई हो रही है और जांच में सहयोग करना चाहिए।”
कांग्रेस का पलटवार, FIR में नामों को लेकर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर CBI द्वारा दर्ज FIR को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, “CBI की रेड के बाद 21 से अधिक लोगों पर FIR की गई है। केंद्र सरकार हमें केंद्रीय एजेंसियों के जरिए डराना चाहती है।”
दीपक बैज ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर का नाम FIR में 8वें नंबर पर है और भूपेश बघेल का नाम 6वें नंबर पर। सरकार का यह कदम यह साबित करता है कि मुख्य अभियुक्तों को बचाने का प्रयास हो रहा है।”









