- सामुदायिक भवन व सोलर लाइट की घोषणा
- कण्डोरा में महाकुल यादव समाज के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुआ भव्य गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव
कण्डोरा (जशपुर)।
स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य विभाग मंत्री गजेन्द्र यादव मंगलवार को महाकुल यादव समाज के तत्वावधान में ग्राम कण्डोरा स्थित यज्ञ नगर गोकुल धाम में आयोजित गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव 2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
यह महोत्सव का शताब्दी वर्ष है। मंत्री यादव ने आयोजन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर यादव समाज को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री साय के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन निर्माण एवं सोलर लाइट स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कीर्तन मंडली को स्वेच्छानुदान राशि देने की भी घोषणा की।
इससे पूर्व, मंत्री यादव का हेलीकॉप्टर से आगमन होने पर हेलीपैड पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर रोहित व्यास एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उनका स्वागत किया। महाकुल यादव समाज के पदाधिकारियों और संकीर्तन मंडली के सदस्यों ने मांदर की धुन पर थिरकते हुए मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री यादव ने गौमाता की विधि-विधान से पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
‘जागरूकता से समाज आगे बढ़ेगा’
महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यादव समाज अपनी प्राचीन और गौरवशाली परंपरा के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव यादव समाज सहित सभी समाजों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।
यादव ने समाज के सदस्यों से समन्वय एवं जागरूकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मेलनों में युवाओं को कृषि योजना, पशुपालन, उन्नत खेती एवं स्वरोजगार जैसे कार्यक्रमों के प्रति जागरूक कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने पीएम आवास, राशन कार्ड, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड एवं श्रमिक कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने पर बल दिया।
‘जशपुर में विकास कार्य जारी’
मंत्री ने जशपुर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गृह जिला बताते हुए कहा कि प्रदेश सहित जिले में भी लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, ऑडिटोरियम, सत्य साईं हॉस्पिटल एवं मातृ शिशु अस्पताल के आगामी निर्माण का जिक्र किया, जिससे जिलेवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने यादव समाज से अपनी आस्था एवं परंपरा को बनाए रखने के लिए घरों में इष्ट देव भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति रखने की अपील की।
शताब्दी वर्ष का उल्लास
कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्म श्री जगेश्वर राम यादव ने की। इस अवसर पर सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व विधायक पत्थलगांव गोमती साय ने कहा कि गोकुल अष्टमी का पर्व सभी समाज का है और इससे सामाजिक सौहार्द्र एवं संस्कृति का विस्तार होता है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव का शताब्दी वर्ष समाज के लिए गर्व का अवसर है। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस उत्सव में प्रदेश भर से हजारों श्रद्धालु और समाज जन शामिल हुए।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रान्ताध्यक्ष महाकुल यादव समाज परमेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष जशपुर सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जुदेव, वरिष्ठ नागरिक विक्रमादित्य सिंह जुदेव, उपेन्द्र यादव, सुनील गुप्ता सहित भारी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी एवं आम नागरिक मौजूद रहे।









