भिलाई नगर (रवि कुमार भास्कर)।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जारी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूचियों को अद्यतन और त्रुटिहीन बनाने का काम जारी है। इसी क्रम में, 16 नवंबर को नगर पालिक निगम भिलाई के सभागार कक्ष में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
पार्षदों और एजेंटों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण वैशाली नगर एवं भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के पार्षदगण, पूर्व पार्षदगण, छाया पार्षदगण एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA) के लिए रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य अभियान की सफलता सुनिश्चित करना और गणना प्रपत्र (Enumeration Form) को त्रुटि रहित भरने की प्रक्रिया समझाना है।
दो पालियों में चलेगा प्रशिक्षण
निगम सभागार में 16 नवंबर को सुबह 11:00 बजे से वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण शुरू होगा। इसके बाद, दोपहर 12:00 बजे से भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और एजेंटों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
त्रुटिहीन सूची तैयार करना है लक्ष्य
प्रशासन के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने सभी आमंत्रितों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि उनके सक्रिय सहयोग से पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। आयोग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे और अपात्र का नाम सम्मिलित न रहे।






