दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
बारिश के दिनों में शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए दुर्ग नगर पालिक निगम ने मानसून पूर्व तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर अलका बाघमार के निर्देश पर निगम प्रशासन शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रहा है।
इसी कड़ी में लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के साथ दुर्ग जेल तिराहा के पास स्थित मालवीय नगर जाने वाले मुख्य नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद संजय अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, उप अभियंता करण यादव, गुड्डू यादव, और रामलाल भट्ट सहित निगम की टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान नाले की सफाई व्यवस्था, जल निकासी की स्थिति और बरसात के समय पानी के बहाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर ने बताया कि वार्ड क्रमांक 29, 40 और 45 के कई क्षेत्रों में हर साल बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी निदान के लिए पूर्व तैयारी के तहत यह निरीक्षण किया गया है।
JCB से निकाला गया मलबा
निरीक्षण के दौरान मौके पर ही सफाई अमले को सख्त निर्देश दिए गए। जेसीबी मशीन की सहायता से नालियों और बड़े नालों की सफाई करवाई गई। जहां भारी मात्रा में मलबा और गाद जमा था, वहां खुदाई कर उसे बाहर निकलवाया गया ताकि पानी का बहाव बाधित न हो। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वर्षा प्रारंभ होने से पहले सभी प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई पूरी कर ली जाए।
गौरव पथ की समस्या का यह निकला समाधान
गौरव पथ क्षेत्र में हर साल होने वाले जलभराव पर भी विशेष चर्चा की गई। लोक कर्म प्रभारी ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित नाले की सफाई कर उसके जल प्रवाह को मालवीय नगर नाले की दिशा में मोड़ा जा रहा है, ताकि बारिश के समय पानी की तेजी से निकासी हो सके।
देवनारायण चंद्राकर ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। बारिश पूर्व सभी संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर जरूरी कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों में कचरा न डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।









