चिरमिरी (ओमदर्पण न्यूज़)।
आज़ादी के 75 वर्षों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। जिस चिरमिरी के कोयले ने दशकों तक पूरे देश को रोशन किया, वहां के एसईसीएल (SECL) क्षेत्रों में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) की ‘सरकारी बिजली’ पहुंचने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में पूर्ण विद्युत अधोसंरचना नेटवर्क बिछाने के लिए 53.57 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पीढ़ियों से खदान की बिजली पर थे निर्भर
चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयला खदानों के बीच रहते आए हैं, लेकिन सरकारी बिजली उनके घरों तक कभी नहीं पहुंची। डोमनहिल, गेल्हापानी, कोरिया कॉलरी व पोड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग उसी बिजली के भरोसे थे जो खदान प्रबंधन द्वारा दी जाती थी और जिसमें कटौती एक आम समस्या थी।
मुख्यमंत्री ने किया था वादा, अब जारी हुआ 53.57 करोड़ का बजट
9 दिसंबर 2024 को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नगर निगम चिरमिरी में CSPDCL से बिजली आपूर्ति की घोषणा की थी। यह वादा अब हकीकत में बदल गया है।
8 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन की ‘मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना’ के तहत 30 मार्च 2026 को 53.08 करोड़ रुपये की राशि चिरमिरी नगर निगम को आवंटित की गई। पुराने बजट की शेष 49 लाख रुपये की राशि को मिलाकर कुल 53.57 करोड़ रुपये से वर्ष 2026-27 में विद्युत अधोसंरचना का विकास कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया आभार: “यह चिरमिरी के लोगों का हक है”
इस ऐतिहासिक पहल पर क्षेत्र के विधायक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है। जायसवाल ने कहा, “यह सिर्फ सरकारी बिजली नहीं है, यह चिरमिरी के लोगों को उनका हक मिलना है। आज़ादी के बाद से जो सपना अधूरा था, मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता से वह पूरा हो रहा है। क्षेत्र की जनता की ओर से मैं उनका अभिनंदन करता हूं।”
इस 53.57 करोड़ रुपये की परियोजना से चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र के सभी वार्डों में CSPDCL का तारों और खंभों का नया जाल बिछाया जाएगा। इससे शहरवासियों को अघोषित बिजली कटौती से मुक्ति मिलेगी और लोगों के चेहरों पर उम्मीद की नई रोशनी दिखाई देगी।









