भीषण गर्मी में प्यासी जनता के साथ ‘आप’ का रिसाली निगम पर हल्ला बोल
रिसाली/दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
भीषण गर्मी के बीच रिसाली नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का संकट गहराता जा रहा है। पानी की किल्लत, जर्जर सड़कें, गंदगी से भरी नालियां और उपेक्षित तालाबों को लेकर अब जनता का आक्रोश सड़क पर उतर आया है। 13 मई 2026 को आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व में रिसाली नगर निगम के वार्ड नंबर 17, एचएससीएल (HSCL) कॉलोनी शिव पारा के निवासियों ने नगर निगम का घेराव किया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा और दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने निगम पहुंचकर आयुक्त के नाम अधिकारी सुनील दुबे को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। संजीत विश्वकर्मा ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो निगम कार्यालय में ताला जड़ दिया जाएगा।
एसी कमरों में बैठे हैं अधिकारी, प्यास से तड़प रही जनता
मीडिया से चर्चा करते हुए संजीत विश्वकर्मा ने निगम आयुक्त पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रिसाली नगर निगम आज गर्मी की मार में जल रहा है, लेकिन निगम प्रशासन एसी कमरों में बैठकर केवल कागजी कार्रवाई में व्यस्त है। वार्ड क्रमांक 16, 17, 18, 19, 20 और 21 के लोग इस भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। स्टेशन मरोदा सहित कई वार्डों में महीनों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। सुबह से देर शाम तक लोग पानी की तलाश में भटकते हैं और कई जगहों पर टैंकर की व्यवस्था तक नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की समस्या का निराकरण नहीं कर सकती, तो ‘सुशासन त्यौहार’ के नाम पर भ्रमित करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। जनता इस बार मुंहतोड़ जवाब देगी और सुशासन त्यौहार का पूर्ण बहिष्कार करेगी।
कुंभकर्णी नींद में प्रशासन, खंभों में दौड़ रहा करंट
दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने कहा कि शासन-प्रशासन कुंभकर्णी निद्रा में है। आयुक्त को लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। यह केवल एक-दो वार्ड की नहीं, पूरे रिसाली क्षेत्र के चरमराते ढांचे की हकीकत है। सड़कें इतनी खराब हैं कि रोज हादसे हो रहे हैं। नालियों की सफाई न होने से बीमारियां फैल रही हैं। बिजली के खंभों में करंट दौड़ रहा है, जिससे जानवर और बच्चे दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। तालाबों की सफाई न होने से पानी सड़ रहा है और बदबू के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
पहले भी दिए गए आवेदन, नहीं हुई कोई कार्रवाई
ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि आम आदमी पार्टी द्वारा पूर्व में भी कई बार नगर निगम को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संजीत विश्वकर्मा ने मांग की है कि तत्काल एक जांच टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। यदि सड़क, नाली, तालाब और पानी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रिसाली निगम और जिला प्रशासन की होगी।
निगम का घेराव और ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इनमें बूथ अध्यक्ष गोविंदेश्वर वर्मा, बसंती साहू, रीता चौधरी, गीता चौधरी, लालती चौधरी, प्रेमन देवी, मालती यादव, गोनमती, अर्जुन चौधरी, द्रौपदी जसवाल, उमा साहू, मीना बाई ध्रुव और रूबी पूर्णमासी सहित कई स्थानीय नागरिक शामिल थे। अब देखना यह है कि निगम प्रशासन इस भारी जनदबाव के बाद कितनी जल्दी नींद से जागता है।
CM साय का बड़ा फैसला: काफिले में घटेंगी गाड़ियां, EV में बदलेंगी सरकारी गाड़ियां










