Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

नारी शक्ति और विकास से गढ़ेगा नया प्रदेश: साय

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

रायपुर।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को राजधानी रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए महिला सशक्तिकरण, बस्तर के विकास, रोजगार और सुशासन पर विस्तृत विजन पेश किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को केवल राज्य नहीं बल्कि ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ बताते हुए कहा कि यह माता कौशल्या की पावन जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने वेदों का उद्धरण देते हुए नारी के सम्मान को देवताओं के वास से जोड़ा।

महतारी वंदन से बदली माताओं की तकदीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 68 लाख 50 हजार विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 29 किश्तों में करीब 18 हजार 800 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर हो चुके हैं। उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दानसरा गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की महिलाओं ने इसी राशि को जोड़कर राम मंदिर का निर्माण शुरू कराया है। साय ने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 86 हजार महिला स्व-सहायता समूहों से 30 लाख महिलाएं जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

बस्तर में थमा आतंक, विकास की बयार

बस्तर की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों पुराने नक्सलवाद को पीछे छोड़कर अब इलाका तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के जरिए 500 से अधिक गांवों तक शासन की 40 से अधिक योजनाएं पहुंचाई गई हैं। सुरक्षा कैंपों का दायरा 5 से बढ़ाकर 10 किलोमीटर कर दिया गया है। सिंचाई के लिए इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार परियोजनाओं से 80 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। वहीं नई औद्योगिक नीति के तहत पर्यटन और होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए ऋण और सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

धर्मांतरण पर सख्त कानून और भ्रष्टाचार पर प्रहार

कड़े फैसलों का जिक्र करते हुए सीएम साय ने कहा कि छलपूर्वक धर्मांतरण रोकने के लिए ‘धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026’ लागू किया गया है। वहीं समान नागरिक संहिता (UCC) के लिए जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति काम कर रही है। पीएससी घोटाले पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सीबीआई जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने जल्द 5 हजार शिक्षकों की भर्ती और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से रोजगार सृजन का दावा किया।

इनका क्या कहना है:

“हमारी सरकार महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं दे रही, बल्कि उन्हें परिवार की निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बना रही है। बस्तर में शांति और सुशासन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

– विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

“महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने मुझे संबल दिया है। मैंने इस पैसे से अपना चूड़ी का व्यवसाय शुरू किया है, जिससे अब मैं आर्थिक रूप से स्वतंत्र महसूस करती हूं।”

-मीना देवांगन, बलौदाबाजार

“योजना की राशि मेरे बच्चे की शिक्षा में बहुत काम आ रही है। मैं इस पैसे से स्कूल फीस का भुगतान कर रही हूं, जिससे परिवार का बोझ कम हुआ है।”

– सरोज, हितग्राही

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow