अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)
लखनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती को बदनाम करने की नीयत से उसके घर की दीवार पर अश्लील बातें लिखने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रिकेश पैकरा पर पहले भी युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो चुका है।
घटना 7 सितंबर की है, जब रिकेश पैकरा ने अपने ही गांव की एक युवती के घर की दीवार पर आपत्तिजनक बातें लिखकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। युवती ने इससे पहले वर्ष 2023 में रिकेश द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से परेशान होकर पीड़िता ने 12 सितंबर को लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।









