

-
लखनपुर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
अंबिकापुर/ पंकज शुक्ला।
सरगुजा पुलिस ने एक बार फिर से नाबालिगों के खिलाफ हो रहे अपराधों के प्रति अपनी सख्ती साबित की है। लखनपुर थाना क्षेत्र में डरा धमकाकर नाबालिग से जबरन दुष्कर्म के मामले में आरोपी अनुज मुण्डा को पुलिस ने तत्परता से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।
घटना 18 अगस्त 2024 की है, जब प्रार्थी अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। देर रात प्रार्थी की पत्नी ने पाया कि उनकी नाबालिग बेटी घर में नहीं है। खोजबीन के दौरान लड़की अनुज मुण्डा के साथ खड़ी मिली। घर लाकर पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि अनुज मुण्डा ने उसे डरा धमकाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी अनुज मुण्डा को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस मामले में लखनपुर थाना के सहायक उप निरीक्षक रामचंद्र यादव, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, महिला आरक्षक नमिता तिग्गा, और आरक्षक जानकी राजवाड़े की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









