



जम्मू।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सेना का एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) नायब सूबेदार राकेश कुमार शहीद हो गए। इस अभियान में तीन अन्य सैनिक भी घायल हुए हैं। सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने आतंकवादियों की तलाश के लिए केशवान वन क्षेत्र में घेराबंदी की थी, जिसके बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई।
मुठभेड़ का स्थान:
रविवार सुबह लगभग 11 बजे केशवान के जंगलों में यह मुठभेड़ शुरू हुई, जब सेना और पुलिस के संयुक्त दस्तों ने छिपे हुए आतंकवादियों को घेर लिया। यह स्थान उस क्षेत्र से कुछ ही किलोमीटर दूर है, जहां हाल ही में वीडीजी (ग्राम रक्षा गार्ड) नजीर अहमद और कुलदीप कुमार के शव मिले थे। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसके बाद से तलाशी अभियान तेज किया गया।
सेना की प्रतिक्रिया: जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि शुरुआती गोलीबारी में नायब सूबेदार राकेश कुमार सहित चार जवान घायल हो गए थे। इन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां नायब सूबेदार राकेश कुमार ने दम तोड़ दिया।
सेना ने अपने पोस्ट में लिखा, “GOC व्हाइट नाइट कोर और सभी रैंक 2 पैरा (SF) के बहादुर नायब सूबेदार राकेश कुमार के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं। सूबेदार राकेश किश्तवाड़ के भगत रिज क्षेत्र में चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियान का हिस्सा थे। हम शोक की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं।”
आतंकियों की संख्या:
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दो वीडीजी की हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ जारी है। ऐसा माना जा रहा है कि तीन से चार आतंकवादी इलाके में घिरे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी जारी है और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।





