रायपुर।
रायपुर में आयोजित भव्य सशस्त्र सैन्य समारोह युवाओं के लिए प्रेरणा का एक अद्वितीय स्रोत साबित हो रहा है। यह समारोह केवल भारतीय सेना की उपलब्धियों को प्रदर्शित नहीं करता, बल्कि यह युवाओं को राष्ट्र रक्षा में शामिल होने की भावना से भी प्रेरित करता है। राज्यपाल रमेन डेका ने सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी के समापन समारोह में यह बात कही।
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 05 अक्टूबर से आयोजित इस प्रदर्शनी का समापन आज हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से आह्वान किया कि भारतीय सेना राष्ट्र सेवा का प्रतीक है और इसमें शामिल होकर युवा देश के प्रति अपना कर्तव्य निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा इस प्रदर्शनी से साहस और समर्पण की भावना प्राप्त करेंगे और सेना में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों से सुसज्जित है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भीष्म टी-90 टैंक, स्ट्रेला मिसाइल और अन्य सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि भारत अपनी प्रतिभा और संसाधनों का उपयोग करके वैश्विक सैन्य शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना की वीरता और शौर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर सैनिक त्याग, साहस और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं भी सेना में अपने कर्तव्यों को बखूबी निभा रही हैं। सेना न केवल युद्ध में बल्कि आपदा राहत, आतंकवाद से लड़ाई, और शांति बनाए रखने के प्रयासों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राज्यपाल ने सैनिकों और उनके परिजनों के हित में योगदान देने पर जोर दिया।
समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां उन्हें भीष्म टी-90 टैंक और अन्य सैन्य उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
रायपुर के कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि समारोह में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनसीसी कैडेटों द्वारा शानदार घुड़सवारी प्रदर्शन, गोरखा रेजिमेंट का खुखरी डांस, हेलीकॉप्टर से सलामी, मिलिट्री बैंड कॉन्सर्ट, और डेयर डेविल मोटरसाइकिल शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा उप क्षेत्र के ब्रिगेडियर अमन आनंद को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से मानपत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, रामप्रताप सिंह, राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के संचालक विवेक शर्मा, सेना के अधिकारी, सैनिक और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।









