भिलाई।
दुर्ग पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने युवती से शादी का वादा करके युवती से शारीरिक संबंध बनाया और फिर शादी से इंकार कर दिया। आरोपी का नाम मोहम्मद असपाक है, जो भिलाई के छावनी इलाके का निवासी है। यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने 2019 से अक्टूबर 2024 तक उसे कई जगहों पर ले जा कर शारीरिक संबंध बनाया। वह हमेशा शादी का वादा करता रहा, लेकिन अचानक उसने शादी करने से मना कर दिया और गायब हो गया। इस घटना के बाद पीड़िता ने भिलाई नगर थाना में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के दिशा-निर्देशों में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में उप निरीक्षक नीता राजपूत, प्रधान आरक्षक प्रेम कुमार सिंह और आरक्षक इसरार अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस मामले को गति दी और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया।










