मुंबई।
मुंबई के बांद्रा इलाके में 12 अक्टूबर की देर रात एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है। इस घटना के बाद विश्नोई समाज ने लॉरेंस बिश्नोई से स्पष्ट किनारा कर लिया है। समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बिश्नोई ने कहा है कि उनका समाज किसी भी प्रकार के अपराध का समर्थन नहीं करता है और लॉरेंस बिश्नोई का यह कृत्य पूरी तरह से गलत है। उन्होंने साफ कहा कि विश्नोई समाज का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
रतन टाटा के निधन से देश गमगीन, एक शख्स ने छाती पर बनवाया चेहरा, वीडियो हुआ वायरल
विश्नोई समाज का बयान: अपराध से दूरी
देवेंद्र बिश्नोई ने कहा, “हमारा समाज पेड़ों के लिए कुर्बानी देने के लिए जाना जाता है, ऐसे में इंसान की हत्या का समर्थन कैसे कर सकता है?” उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉरेंस बिश्नोई का इस हत्याकांड में शामिल होना समाज के आदर्शों के खिलाफ है। विश्नोई समाज के लोगों ने इस अपराध की कड़ी निंदा की और बताया कि समाज किसी भी हिंसात्मक कार्यवाही के पक्ष में नहीं है।
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई दोनों अपराधी: देवेंद्र बिश्नोई

इस हत्याकांड के अलावा, देवेंद्र बिश्नोई ने सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई दोनों को अपराधी करार दिया। उन्होंने कहा, “हर समाज में कुछ अपराधी होते हैं, और सलमान खान तथा लॉरेंस बिश्नोई दोनों ही अपराधी हैं।” काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान द्वारा माफी न मांगने के बारे में भी उन्होंने अपने विचार रखे, यह कहते हुए कि माफी मांगना या न मांगना सलमान खान का व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन समाज किसी भी हत्या का समर्थन नहीं करता है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की धमकियां और हत्याकांड
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पिछले कई सालों से सलमान खान और उनके करीबी लोगों को धमकियां दे रहा है। वर्ष 2018 में उसने सलमान खान से काले हिरण शिकार मामले में बदला लेने की कसम खाई थी। इसके बाद वह कई बार सलमान खान और उनके परिवार को धमका चुका है। हाल ही में हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद, बिश्नोई गिरोह ने न केवल हत्या की जिम्मेदारी ली, बल्कि सलमान खान और दाऊद गिरोह के करीबियों को भी धमकियां दी हैं।
बाबा सिद्दीकी, जो सलमान खान के करीबी माने जाते थे, की हत्या से मुंबई में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह पर सख्त नज़र रखी जा रही है।
रायपुर: रोड पर बजा डीजे, घर की छत पर नाचने लगीं लड़कियां, लड़कों की हरकतों से हुईं हैरान!









