



जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
बस्तर से भाजपा सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस आज तक अपनी हार को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है, इसी कारण छटपटा रही है। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापसी के लिए अनर्गल और मनगढ़ंत बातें फैला रही है, जिससे सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार हो सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।
महेश कश्यप ने बलौदा बाजार सहित अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार प्रदेश में उन्नति और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ा रही है, जिसे कांग्रेसियों से सहन नहीं हो रहा है। इसी कारण वे झूठे और भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। कश्यप ने कहा कि आने वाले निगम और पंचायत चुनाव में जनता कांग्रेसियों को उनकी वास्तविक स्थिति से परिचित कराएगी।
महेश कश्यप ने कांग्रेस को सलाह दी कि वे भ्रामक और मिथ्या प्रचार से श्रेष्ठ बनने की कोशिश न करें, बल्कि जनता की सेवा करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। इससे ही सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार निष्पक्ष और शानदार काम कर रही है, जिसका असर आगामी पंचायत और नगरीय चुनावों में भाजपा के पक्ष में दिखाई देगा।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि 2026 तक बस्तर से लाल आतंक का साया समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर बस्तर में जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों को भड़का कर बस्तर के शांत माहौल को अशांत करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि वे राज्य के विकास और शांति में बाधा न बनें।





