



जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
सिटी कोतवाली जगदलपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान नाबालिग से छेड़खानी करने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 21 नवंबर 2024 की है, जब गुजराती समाज भवन में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी के हल्दी कार्यक्रम में शामिल होकर एक अनजान व्यक्ति ने बुरी नियत से नाबालिग के साथ छेड़खानी की। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री अपने बुआ के साथ बालकनी से नीचे भोज कार्यक्रम देख रही थी, तभी रात करीब 9:40 बजे एक अनजान व्यक्ति, जो बिना बुलाए शादी समारोह में आया था, उनकी पुत्री को बुरी नजर से देखने लगा। बालकनी से बाहर निकलते समय उस व्यक्ति ने पीड़िता की गर्दन और कमर को पकड़कर छेड़खानी की। यह देख पीड़िता ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद खान उर्फ गोलू, निवासी ग्राम गुरूर, जिला बालोद, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा जा रहा है।
कार्यवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी:
- निरीक्षक शिवानंद सिंह
- उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह ठाकुर
- सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा
- प्रधान आरक्षक क्षमा साहू
- आरक्षक रवि सरदार, रोशन चौहान






