Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

भगवान दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले फरार आरोपी को बस्तर पुलिस ने पकड़ा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, सोने के आभूषण लेकर हुए थे फरार

जगदलपुर (कौशल संदुजा)।

बस्तर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो भगवान दर्शन कराने के बहाने सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। यह घटना सिटी कोतवाली, जगदलपुर क्षेत्र की है, जहां इस्लाम मोहम्मद, उम्र 42 साल, निवासी ग्राम कुतुबपुर, थाना ननौता, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बुजुर्ग महिला को ठगा था।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, दिनांक 29 जून 2024 को जगदलपुर की निवासी चंदा जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह पूजा करके लौट रही थीं, जब संजय मार्केट के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें भगवान का दर्शन कराने के नाम पर अपनी बातों में उलझा लिया। आरोपियों ने उनकी सोने की चेन, अंगूठी, और कान के झुमके एवं कनौती, जिनकी कुल कीमत 94,000 रुपये थी, ठग लिए और फरार हो गए।

शिकायत दर्ज होने के बाद, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि एवं 112 भा0न्या0सं0 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी शिवानंद सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी इस्लाम मोहम्मद को उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगियों एजाज, फरमान और खालिक के साथ मिलकर इस ठगी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि उन्होंने महिला को भगवान दर्शन के बहाने आंखें बंद कर 51 कदम चलने को कहा, और इस दौरान उन्होंने महिला के सोने के जेवरात उतार कर अपने हाथों में रखवा लिए। इसके बाद, आरोपी और उसके साथी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

आरोपियों ने इसी तरह की ठगी की घटनाएं जिला कोण्डागांव में भी की हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में भी इसी प्रकार के अपराधों को अंजाम दिया था। आरोपी इस्लाम मोहम्मद ने बताया कि ठगे गए जेवरातों और नगदी को उन्होंने अपने मुखिया जलालुद्दीन उर्फ जलालु, निवासी उत्तराखंड को सौंप दिया था, जिसमें से उसे 40,000 रुपये का हिस्सा मिला था।

आरोपी को विधिवत् गिरफ्तार कर जगदलपुर लाया गया, जहां उसे न्यायालय द्वारा रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी:

  • निरीक्षक: शिवानंद सिंह, सुरेश जांगड़े
  • उपनिरीक्षक: प्रमोद सिंह ठाकुर, अमित सिदार
  • सहायक निरीक्षक: लंबोदर कश्यप
  • प्रधान आरक्षक: मयाराम नेताम
  • आरक्षक: भुपेन्द्र नेताम, संजीवन लकड़ा
omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow

Leave a Comment