- थाना पोलमपल्ली पुलिस की सतर्कता से हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी
सुकमा (कौशल संदुजा)।
दो साल पहले हुए एक जघन्य हत्या के मामले में, थाना पोलमपल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जमीन विवाद के चलते अपने ही भाई की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण (भा.पु.से) के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा व श्री अभिषेक वर्मा (रा.पु.से) के पर्यवेक्षण में चल रही इस मामले की जांच में, आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह मामला 22 जून 2022 का है, जब मृतक कुहराम आयता को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर पर सोते समय लकड़ी के डंडे से मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन मामले की गहराई से जांच करने पर, आरोपी के रूप में मृतक का ही बड़ा भाई कुहराम लखा सामने आया।
कुहराम लखा ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि जमीन विवाद से परेशान होकर उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने बताया कि उसके छोटे भाई कुहराम आयता के शराब पीने की आदत और बार-बार विवाद करने से वह तंग आ गया था। इस तनाव में, उसने हत्या की साजिश रची और मौका पाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी के घर से हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की डंडा (खोटला बेट) भी बरामद की है। इस मामले की सफलता में थाना पोलमपल्ली के थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र सिंह और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आरोपी को अब विधिवत् गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुकमा के समक्ष पेश किया जा रहा है।









