जांजगीर-चांपा : अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन सख्त, 8 वाहनों पर खनिज अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
OM Darpan
राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने पिपरदा, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र में की छापेमारी
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में रेत और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह के पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा और शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच कर अवैध परिवहन में लगे 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया।
खनिज अधिकारी के मुताबिक जांच के दौरान ग्राम पिपरदा से 1 हाईवा, बिर्रा क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर, शिवरीनारायण क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर और केवा-नवापारा क्षेत्र से 2 हाईवा को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। सुरक्षा के लिहाज से इन वाहनों को बिर्रा थाना, शिवरीनारायण थाना और कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा किया गया है।
रेत के 5 और ईंट के 2 प्रकरण दर्ज
जांच टीम ने अवैध परिवहन से संबंधित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें 5 मामले अवैध रेत परिवहन, 1 मामला गिट्टी और 2 मामले ईंट के अवैध परिवहन से जुड़े हैं। इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर बोले- जारी रहेगी कार्रवाई
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन