मोदी के शासन प्रमुख के 25 वर्ष पूरे, प्रदेश में बनेंगे 38 'सेवा ज्योति संकल्प चौक': मुख्यमंत्री साय
OM Darpan

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी में 'विकसित भारत संकल्प सभा' और 'सेवा ज्योति यात्रा' का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के तेलीबांधा चौक समेत प्रदेश भर में कुल 38 स्थानों पर 'सेवा ज्योति संकल्प चौक' बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उपस्थित नागरिकों को विकसित भारत व विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने मशाल लेकर यात्रा का नेतृत्व किया और दुपहिया वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनसेवा और सुशासन का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था। उनका यह पच्चीस वर्षों का सफर जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को समर्पित है। नवनिर्मित संकल्प चौक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का 'सेवा संकल्प अभियान' भी पूरी निरंतरता के साथ चलाया जा रहा है।
वैश्विक निवेश से जुड़ रहा छत्तीसगढ़
अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ अब निवेश और नवाचार के वैश्विक अवसरों से जुड़ रहा है। 'हम यह कर दिखाएंगे' के उद्घोष और जनभागीदारी के साथ 2047 तक विकसित भारत तथा 'छत्तीसगढ़ अंजोर' के तहत विकसित राज्य का लक्ष्य निश्चित रूप से सिद्ध होगा। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुनील सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व आम नागरिक उपस्थित थे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन