एनएच-43 पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने को प्रशासन की बड़ी पहल, आवारा पशुओं के गले में बांधे गए रेडियम बेल्ट
OM Darpan
रात के अंधेरे में दूर से ही चमकेंगे बेल्ट, वाहन चालकों को मिलेगी दुर्घटनाओं से सुरक्षा
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर | राष्ट्रीय राजमार्ग एवं व्यस्त सड़कों पर आवारा व पालतू पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, जनहानि और पशुहानि की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन एवं पशुधन विकास विभाग, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के नेतृत्व एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से एनएच-43 पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाए जा रहे हैं। रात के अंधेरे में वाहन की हेडलाइट पड़ते ही ये रेडियम बेल्ट दूर से चमकेंगे, जिससे वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकेगा।
संवेदनशील स्थानों पर चार टीमें कर रहीं निगरानी
अभियान के अंतर्गत एनएच-43 के प्रमुख संवेदनशील स्थलों जैसे PWD तिराहा, LIC कार्यालय, खेडिया टॉकीज, सिद्ध बाबा मंदिर घाट, घुटरीटोला बैरियर तथा कठौतिया से महाराजपुर बैरियर के आसपास विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों में 500 से अधिक घुमंतू पशुओं के विचरण को देखते हुए चार टीमों का गठन किया गया है, जिसमें मोबाइल वेटरनरी यूनिट भी शामिल है। अब तक 346 से अधिक पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए जा चुके हैं और यह कार्य निरंतर जारी है। इन टीमों द्वारा लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर निराश्रित पशुओं को चिन्हित किया जा रहा है।
निराश्रित पशुओं के साथ-साथ पालतू पशुओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 104 पशुओं के कानों में टैगिंग की जा चुकी है। पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. तनवीर अहमद ने पशुपालकों से अपील की है कि वे मवेशियों को हाईवे पर खुला न छोड़ें। टैगिंग से पशु मालिक की पहचान, बीमा कार्यवाही और शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना सुलभ होगा। इस अभियान को सफल बनाने में डॉ. विनीत कुमार भारद्वाज (प्रभारी), विकेश कुमार पैकरा, रूपेन्द्र कुमार पटेल, गगन कुमार निषाद, शशिकांत पांडेय, संदीप कुमार यादव, मनीष यादव और मेवालाल सहित अन्य कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन