शतरंज की बिसात पर यशद बांबेश्वर और सावी गौरी का जलवा, बने नए राज्य चैम्पियन
OM Darpan


भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धा में 1.05 लाख रुपये के पुरस्कारों का वितरण, दुर्ग के यशद और रायपुर की सावी ने मारी बाजी
✍️ विशेष संवाददाता
भिलाई | भिलाई के अग्रसेन भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट सीनियर फिडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप में दुर्ग के यशद बांबेश्वर और रायपुर की सावी गौरी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए राज्य चैम्पियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। 10 से 13 सितम्बर तक चली इस स्पर्धा में सीनियर वर्ग में यशद बांबेश्वर ने कुल आठ में से सात अंक हासिल किए, वहीं महिला वर्ग में रायपुर की सावी गौरी ने छह अंक प्राप्त कर गौरव बढ़ाया। इस चैंपियनशिप का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा किया गया, जिसमें अग्रसेन जन कल्याण समिति और अग्रसेन महिला कल्याण समिति भिलाई ने सहयोग दिया।
शतरंज सिखाता है अनुशासन और धैर्य: विधायक ललित चंद्राकर
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे। उन्होंने शतरंज को राजा-महाराजाओं के दौर का खेल बताते हुए कहा कि यह खेल अनुशासन, धैर्य और सटीक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। चंद्राकर के अनुसार, शतरंज का खिलाड़ी जीवन की किसी भी परिस्थिति में सही फैसला लेने में सक्षम होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रसेन जन कल्याण समिति भिलाई के अध्यक्ष बंशी अग्रवाल ने की, जिन्होंने इसे दिमागी कौशल का खेल बताते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का वादा किया।
21 जिलों के 140 धुरंधरों ने दिखाया दम
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत और सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों से 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 107 पुरुष और 33 महिला खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 72 रेटेड खिलाड़ी भी थे। स्पर्धा आठ चक्रों में खेली गई और कुल 1,05,000 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उमा अग्रवाल, समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा, प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी और विक्रम अवॉर्डी किरण अग्रवाल उपस्थित रहीं। राठी ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ से जल्द ही कोई ग्रैंड मास्टर निकलेगा।
सीनियर और महिला वर्ग की टॉप रैंकिंग
सीनियर वर्ग में यशद बांबेश्वर (दुर्ग) प्रथम रहे जिन्हें 15,000 रुपये मिले। दूसरे स्थान पर स्पर्श खंडेलवाल (राजनांदगांव, 11,000 रुपये), तीसरे पर गगन साहु (रायगढ़, 9,000 रुपये), चौथे पर शुभम सिंह (रायपुर, 7,000 रुपये) और पांचवें स्थान पर उत्कर्श यादव (रायपुर, 5,000 रुपये) रहे। इसके बाद क्रमशः लोकेश पांडे (बिलासपुर), प्रभमन सिंग मल्होत्रा (कोरबा), यश सिंह (रायपुर), सालिक नवाज मनिहार (राजनांदगांव) और विवान रॉय (रायपुर) ने अपनी जगह बनाई।
महिला वर्ग में सावी गौरी (रायपुर) प्रथम रहीं जिन्हें 11,000 रुपये दिए गए। द्वितीय स्थान पर राशि वरुणकर (राजनांदगांव, 7,000 रुपये), तृतीय तनीशा ड्रोलिया (रायपुर, 5,000 रुपये), चतुर्थ हिमानी देवांगन (दुर्ग, 4,000 रुपये) और पांचवें स्थान पर प्राची यादव (रायपुर, 3,000 रुपये) रहीं। इनके अलावा काशवी जैन (दुर्ग), परिधि लिलहारे (दुर्ग) और इधिका वरुणकर (राजनांदगांव) ने भी पुरस्कार जीते।
विशेष और कैटेगरी पुरस्कारों की हुई घोषणा
विशेष पुरस्कारों में सरगुजा के बेस्ट खिलाड़ी प्रज्वल पांडे, बस्तर के रमेश कुमार देवांगन और सीनियर सिटीजन वर्ग में रायपुर के दीपांकर सेन गुप्ता को सम्मानित किया गया। आयु वर्ग के बालक-बालिका श्रेणियों में वंश खंडेलवाल, श्रेष्ठा भारद्वाज (अंडर 7), आयाम मिश्रा, अनिका गुप्ता (अंडर 9), पलास साहू, संजीवनी कुर्रे (अंडर 11), शिल्प कुमार घोड़ेसवार, प्रकृति सूर्यवंशी (अंडर 13) और ईशान सैनी व सुकृति शर्मा (अंडर 15) विजेता बने। मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर अलंकार भिवगड़े और उप मुख्य निर्णायक रॉकी देवांगन की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न हुई।
जरूरी खबरें
विज्ञापन