Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

CM साय का ऐलान: रायपुर पेंशनबाड़ा हॉस्टल अब होगा 300 सीटर

CM Vishnu Deo Sai addressing students at Pension Bada Hostel Raipur

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

रायपुर।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के छात्रों को बड़ी सौगात दी है। बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे सीएम साय ने घोषणा की कि पेंशनबाड़ा स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास की क्षमता बढ़ाई जाएगी। अब यह छात्रावास 300 सीटर होगा।

मुख्यमंत्री ने छात्रों के बीच पहुंचकर बाबा गुरु घासीदास को नमन किया और कहा कि बाबा जी का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश आज भी पूरी दुनिया को सामाजिक समरसता और भाईचारे की राह दिखा रहा है।

युवाओं के बीच जयंती मनाना संतोष का विषय: सीएम

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने भावुक होकर कहा, “विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री रहते हुए मुझे कई बार जयंती समारोहों में जाने का अवसर मिला, लेकिन आज विद्यार्थियों के बीच यह पर्व मनाना मेरे लिए विशेष संतोष और आनंद का विषय है।” उन्होंने कहा कि जब समाज ऊंच-नीच में बंटा था, तब छत्तीसगढ़ की धरा पर बाबा गुरु घासीदास का अवतरण हुआ, जिन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग से समाज को नई दिशा दी।

भ्रष्टाचार पर वार, पारदर्शी भर्ती पर जोर

सीएम साय ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है। अब यहां के छात्र IIT, AIIMS और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाओं में भविष्य गढ़ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएससी (PSC) में भ्रष्टाचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। सरकार अब पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपना रही है ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर ही नौकरी मिले। साथ ही, नई औद्योगिक नीति में SC-ST उद्यमियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

ड्रोन और रोबोटिक्स सीखेंगे युवा

कार्यक्रम में मौजूद कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं को भविष्य के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की स्किलिंग (Skilling) पर विशेष फोकस कर रही है। अब युवाओं को रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नीशियन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा जी की जयंती तभी सार्थक है जब हम उनके उपदेशों को जीवन में उतारें।

पंथी नृत्य ने मोहा मन

समारोह के अंत में छात्रावास के छात्रों ने पारंपरिक पंथी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर राजमहंत श्री बंशी लाल कुर्रे, श्री संदीप सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में छात्र और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow