रायपुर।
कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पशु कल्याण समिति की बैठक आयोजित की। इस बैठक में भेड़ और बकरी पालकों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर ने घोषणा की कि अब भेड़ और बकरी की किसी भी प्रकार की सर्जरी निःशुल्क की जाएगी। इसके अलावा, पशु चिकित्सा और प्रबंधन के लिए 14 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले में पशुओं के प्रबंध, संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण और अन्य वस्तुएं खरीदी जाएंगी। इस मद के लिए 14 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, आकस्मिक प्रबंधन के लिए 50 हजार पशुओं के प्रबंध हेतु आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रायपुर जिले में कुल 92 पशु चिकित्सा संस्थाएं संचालित हैं, जो पशुओं के इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशेष रूप से, बीपीएल कार्डधारियों के लिए माइनर सर्जरी और आर्थोपेडिक सर्जरी निःशुल्क की जाएगी।
इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप, डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और पशु चिकित्सा सेवाएं संयुक्त संचालक श्री शंकर लाल उईके समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।










