
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग शहर विधायक श्री गजेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य और कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में सीटी क्लब के प्रांगण में 148 लाख की लागत से इंडोर तरणताल निर्माण का भूमिपूजन आज किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विधायक श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह परियोजना जिले के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक श्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि, “जैसे बेडमिंटन कोर्ट तैयार किया जा रहा है, उसी प्रकार तरणताल का निर्माण भी होगा।” उन्होंने कलेक्टर सुश्री ऋचा चौधरी को इस परियोजना को साकार करने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। श्री यादव ने यह भी कहा कि, “दुर्ग जिले को खेल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने के लिए हम हरसंभव प्रयास करेंगे।”
कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि, “खेलों में भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सभी को साथ मिलकर काम करना होगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले के युवाओं को खेलों में सफलता दिलाने के लिए अनुभवी खिलाड़ियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।”
महापौर श्री धीरज बाकलीवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए कहा कि, “शहर के विकास कार्यों को नया दिशा देने में कलेक्टर का अत्यधिक योगदान है। शहर में तरणताल का निर्माण होने से जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतरीन अवसर मिलेंगे।”
इस अवसर पर पार्षद श्री राजकुमार नारायणी, दुर्ग नगर निगम आयुक्त श्री सुमित अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग श्री हरवंश सिंह मिरी और अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।










