



गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में साइबर सेल के चार कर्मचारियों को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ का पुरस्कार दिया गया है। इन जवानों ने 48 घंटे के भीतर एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, आसनसोल, पश्चिम बंगाल से ठगी के मुख्य आरोपी को पकड़कर लाने वाली टीम को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसपी भावना गुप्ता ने गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीसार में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने वाले साइबर सेल के प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी, चौपाल कश्यप और आरक्षक हर्ष गहरवार व इंद्रपाल आर्मो को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ के खिताब से नवाजा। इन कर्मचारियों की तस्वीरें सभी थानों, चौकियों और कार्यालयों में पूरे माह के लिए प्रदर्शित की जाएंगी।
इसी प्रकार, ठगी के मामले में मुख्य आरोपी की पहचान कर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से गिरफ्तार करने वाली टीम के उप निरीक्षक श्यामलाल गढ़वाल, सहायक उप निरीक्षक मनोज हनोतिया और प्रधान आरक्षक अजय सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
इन दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक मिसाल कायम की है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ विभाग का मनोबल बढ़ा है बल्कि आम जनता में भी पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।





