बैकुंठपुर/कोरिया (ओमदर्पण न्यूज़)।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित विकासखंड स्तरीय ‘जन समस्या निवारण शिविर’ में विधायक भैयालाल राजवाड़े ने सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी फरियाद सुनी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुढार, भखार और पोड़ी बचरा में आयोजित शिविरों का सघन दौरा किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। विधायक भैयालाल राजवाड़े ने एक-एक कर सभी ग्रामीणों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही तत्काल निराकरण करें।
दफ्तरों के चक्कर काटने से मिलेगी निजात
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जन समस्या निवारण शिविर का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि लोगों को छोटे-छोटे कामों और समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने पेंशन, राशन, बिजली, पानी और राजस्व से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने पर जोर दिया।
विधायक के इस रुख और मौके पर ही समाधान की पहल से शिविर में आए ग्रामीणों ने काफी राहत महसूस की। शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।











