- साहू मित्र सभा भवन हेतु 20 लाख रुपए की घोषणा की
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
साहू मित्र सभा भिलाई नगर द्वारा 1 दिसंबर को साहू सांस्कृतिक सदन जीई रोड सुपेला भिलाई नगर में आयोजित 21वें युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर वैशालीनगर विधानसभा विधायक रिकेश सेन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने माता कर्मा की पूजा-अर्चना की और साहू समाज के समाजिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहू समाज साहू मित्र सभा के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और युवक-युवती परिचय सम्मेलन परिवारों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से प्रदेश में एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा, “समाज की गरिमा बनाए रखते हुए हमें सभी समाजों को साथ लेकर चलना है और समाज के लिए योजनाओं के साथ कार्य करना है।”
समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने साहू मित्र सभा के भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपए की स्वीकृति की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने मांगलिक पत्रिका परिचायिका का विमोचन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभा सदस्यों को सम्मानित किया। सीजीपीएससी 2023 में 14वीं रैंक प्राप्त करने वाली मोनिका साहू को भी सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने सांसद विजय बघेल का भी सम्मान किया।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश साहू संघ रायपुर के अध्यक्ष टहल सिंह साहू, प्रदेश साहू संघ रायपुर के सलाहकार रमेश साहू, जिला साहू संघ भिलाई के अध्यक्ष हरिद्वारिका साहू, पूर्व अध्यक्ष हस्त शिल्प विकास बोर्ड छत्तीसगढ़ सरकार दीपक ताराचंद साहू, सभापति नगर पालिक निगम भिलाई गिरवर बंटी साहू, मौखिक इतिहासकार डॉ. सरिता यशवंत साहू, आर्किटेक्ट इंजीनियर एम. के. साहू, डायरेक्टर तोरण अटल, श्री अटल ग्रुप भिलाई, तहसील साहू संघ रिसाली के अध्यक्ष संतोष साहू, तहसील साहू संघ भिलाई-3 के अध्यक्ष चंद्रभूषण साहू, और तहसील साहू संघ जामुल के अध्यक्ष जीवन प्रकाश साहू उपस्थित रहे।










