दरिया (कौशल संदुजा)।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के छिंदकालो गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 35 वर्षीय युवक आनंद यादव की मौत जिंदा मुर्गा निगलने के प्रयास में दम घुटने से हुई। मृतक के परिजनों ने पहले उसकी मौत का कारण गिरना बताया, लेकिन जब पोस्टमार्टम किया गया, तो डॉक्टरों को युवक के गले में मुर्गे का पैर फंसा हुआ मिला।
अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डॉ. संतो बाग ने बताया, “हमने देखा कि युवक के श्वासनली में मुर्गे का पैर फंसा था और खाने की नली में उसका सिर अटका था। मुर्गे के शरीर पर चबाने के कोई निशान नहीं थे, जिससे यह साफ था कि युवक ने जिंदा मुर्गा निगलने की कोशिश की थी।” डॉ. बाग ने कहा कि यह मामला उनके 15 हजार पोस्टमार्टम के अनुभव में सबसे अजीब था।
गांव में इसे जादू-टोने से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि मृतक आनंद यादव निसंतान था और यह मान्यता है कि ऐसी घटनाओं से संतान प्राप्ति हो सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी तांत्रिक का हाथ तो नहीं है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है और लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।










