भिलाई में विकास कार्यों को गति देने सड़क पर उतरे आयुक्त
OM Darpan
-
स्मृति नगर और जीई रोड के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
-
गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया विशेष जोर
भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को जोन-1 (नेहरू नगर) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने सभी प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
स्मृति नगर: जल्द तैयार होगा राधाकृष्ण उद्यान
निरीक्षण की शुरुआत स्मृति नगर क्षेत्र से हुई। आयुक्त ने यहां रिक्त भूमि पर निर्माणाधीन राधाकृष्ण उद्यान का जायजा लिया। मौके पर मौजूद जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत को निर्देशित किया गया कि उद्यान का काम युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को सुबह की सैर और मनोरंजन के लिए जल्द से जल्द एक बेहतर स्थान मिल सके।
तारामंडल परिसर: पार्किंग में होगा पेविंग कार्य
जीई रोड स्थित तारामंडल बाल उद्यान में शासन के निर्देशों के तहत 'अटल परिसर' का निर्माण किया जा रहा है। आयुक्त ने इस प्रोजेक्ट की प्रगति देखी और इसे अविलंब पूर्ण करने को कहा। इसके अलावा, तारामंडल परिसर में व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के लिए पेविंग ब्लॉक लगाने और समतलीकरण कार्य करवाने के निर्देश भी जारी किए गए।
खेल सुविधाओं का विस्तार: हॉर्स राइडिंग की तैयारी
शहर में खेल और मनोरंजन सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुक्त ने कोसा नाला गौठान के समीप प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। निगम प्रशासन यहाँ स्विमिंग पूल और हॉर्स राइडिंग (घुड़सवारी) स्थल विकसित करने की योजना बना रहा है। आयुक्त ने कहा कि यह स्थल भविष्य में क्षेत्र के लिए एक प्रमुख केंद्र साबित होगा।
टीम के साथ मैदानी हकीकत पर नजर
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी और जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना मौजूद रहे। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 'स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी अधिकारी फील्ड पर सक्रिय रहें।
जरूरी खबरें
विज्ञापन
