रायगढ़: रायगढ़ जिले में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बीते गुरुवार को एक दंतैल हाथी ने गांव के कई घरों और फसलों को नुकसान पहुँचाया।
गुरुवार की सुबह, रायगढ़ वन मंडल के ग्राम केनानीबहाल में एक दंतैल हाथी अपने समूह से भटककर गांव में पहुँच गया। हाथी ने छबिलो प्रधान, मदन गुप्ता, और शिव सिदार के मकानों को तोड़ते हुए घर में रखे चावल को खा लिया। इसके बाद, हाथी किसानों के खेतों में पहुँचकर धान के थरहा को भी खा गया।
रायगढ़ वन मंडल के अंतर्गत बंगुरसिया गांव में भी तीन दिन पहले एक हाथी ने दो मकानों को तोड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी का यह आतंक लगातार जारी है और हर दिन नई-नई क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
वन विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने केनानीबहाल पहुँचकर नुकसान का आंकलन किया और आगे की कार्रवाई के लिए योजना बनाई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।









