Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर भैंसों की तस्करी, हिंदू महासभा ने पकड़ाया संदिग्ध ट्रक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रायपुर.

राजधानी रायपुर में हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर पशु तस्करी के बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे एक ही वाहन में चार अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर बेखौफ होकर अवैध परिवहन कर रहे थे। पकड़े गए ट्रक में क्रूरतापूर्वक 15 भैंसें ठूंसी हुई थीं, जिन्हें उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

घटनाक्रम के मुताबिक, हिंदू महासभा के एक कार्यकर्ता की नज़र सड़क से गुजर रहे एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी। वाहन पर एक नहीं, बल्कि चार अलग-अलग नंबर प्लेट लगे देख कार्यकर्ता को शक हुआ। जब वाहन को रोककर जांच की गई, तो उसके भीतर 15 भैंसें पाई गईं।

सूचना मिलते ही हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक साहू, गोल्डी शर्मा, आदित्य यादव, प्रिंस परमार और अन्य कार्यकर्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी डीडी नगर थाना पुलिस को दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन मवेशियों को रायपुर से लोड कर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। इस तस्करी में ‘नईम खान’ नामक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है, जिसने ट्रक में मवेशियों को लोड करवाया था। फिलहाल आरोपी नईम खान फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला संज्ञान में ले लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

4 नंबर प्लेट ने खोली परिवहन विभाग की पोल 

इस घटना ने परिवहन विभाग और पुलिस की नाकेबंदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देश भर में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) अनिवार्य होने के बावजूद, तस्कर एक ही ट्रक पर HR 38 AH 2147 और UP 81 DT 4609 समेत चार अलग-अलग नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। सवाल यह है कि शहर के भीतर ऐसा वाहन बिना रोक-टोक कैसे घूम रहा था? अब पुलिस जांच कर रही है कि क्या इन चारों नंबर प्लेट के असली मालिकों पर भी कार्रवाई होगी या नहीं।

 ‘धरातल पर नहीं दिख रहा कड़ा कानून’: लवकुश गुप्ता

 

घटना के बाद हिंदू महासभा के रायपुर जिला महामंत्री लवकुश गुप्ता ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व छत्तीसगढ़ में तस्करी को लेकर कड़े कानून बनाने के दावे किए गए थे, लेकिन यह कानून धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहा है।

गुप्ता ने सवाल उठाया, “क्या प्रदेश के मुख्यमंत्री अपना वादा निभाएंगे? क्या गौ माता को ‘राज्य माता’ घोषित किया जाएगा?” महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तस्करों और वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow