दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
भीषण गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के बीच दुर्ग क्षेत्र के ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। साजा संभाग के देवरबीजा वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले 33/11 केवी घोटमर्रा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ा दी गई है। यहां पुराने 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर की जगह अब 05 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (चार्ज) कर दिया गया है।
यह कार्य कार्यपालक निदेशक (दुर्ग क्षेत्र) संजय खंडेलवाल के मार्गदर्शन और अधीक्षण अभियंता (दुर्ग वृत्त) आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में पूरा किया गया।
इन 11 गांवों के उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
इस क्षमता वृद्धि से देवरबीजा क्षेत्र के 11 प्रमुख गांवों— घोटमर्रा, हड़गांव, भेड़नी, चोटमर्रा, केछवई, कड़ई, हाड़ाहुली, कातुलबोड, मोतेसरा, रौद्र और डरजरा के लगभग 2410 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से किसान और ग्रामीण इसकी मांग कर रहे थे। इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में ना केवल लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी, बल्कि खेती-किसानी और घरेलू उपयोग के लिए भी पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध रहेगी।
बढ़ते लोड का आसानी से हो सकेगा प्रबंधन
अधिकारियों ने बताया कि इस क्षमता विस्तार के बाद अब भीषण गर्मी के मौसम में भी क्षेत्र में बढ़ते हुए लोड को आसानी से प्रबंधित किया जा सकेगा। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।
सफलतापूर्वक संपन्न हुए इस कार्य के दौरान विभागीय तालमेल और तकनीकी दक्षता साफ देखने को मिली। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता एस.के. राय व एम.के. शुक्ला, सहायक अभियंता सी.एल. वर्मा व जी.पी. बंजारे और कनिष्ठ अभियंता अभिषेक राठी सहित तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा।









