जशपुर.
विनायक होम्स एंड रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड के फरार डायरेक्टर जितेन्द्र बीसे को इंदौर (मध्य प्रदेश) से जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जितेन्द्र बीसे और उसके साथियों पर छत्तीसगढ़ के आठ जिलों के 11,396 निवेशकों से कुल 54,38,11,862 रुपये (चौवन करोड़ अड़तीस लाख ग्यारह हजार आठ सौ बासठ रुपये) की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जितेन्द्र बीसे अपनी पहचान छिपाकर और हुलिया बदलकर इंदौर में रह रहा था, ताकि गिरफ्तारी से बच सके। हालांकि, जशपुर पुलिस को कई दिनों तक तलाशने के बाद आखिरकार उसे इंदौर से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ जशपुर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारी और फरार आरोपियों की तलाश
इससे पहले, इस चिटफंड मामले में आरोपी फूलचंद बीसे और युवराज मालाकार को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, दो अन्य फरार आरोपियों की खोज जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र बीसे और उसके अन्य साथियों ने निवेशकों से यह कहकर धन जुटाया था कि उनके निवेश पर तीन गुना लाभ मिलेगा और हर साल अतिरिक्त कमीशन मिलेगा।
इस धोखाधड़ी के चलते जशपुर जिले के निवेशकों से करीब 1.60 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इसके अलावा, फरसाबहार क्षेत्र में भी आरोपी ने सात अन्य निवेशकों से करीब 66,000 रुपये की ठगी की। इन आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में अपराध पंजीबद्ध हैं।
आरोपियों की अन्य कंपनियों का खुलासा
आरोपी जितेन्द्र बीसे के खिलाफ 2017 से लेकर 2021 तक कई मामलों में शिकायतें दर्ज की गई थीं। पुलिस द्वारा की गई जांच में यह भी पता चला कि जितेन्द्र बीसे अन्य कंपनियों का भी डायरेक्टर था, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं:
- Vinayak Global Infomedia Private Limited
- Vayaa Builder and Developers Private Limited
- Vishesh Infrabuild Limited
- S&L&Living Marketing Private Limited
- Shree Om Finance India Limited
- Vinayak Homes and Real Estate Limited
- Uttam Net Marketing Private Limited
वर्तमान में, आरोपी जितेन्द्र बीसे के खिलाफ जिन जिलों में मामले पेंडिंग हैं, उनमें रायपुर, कटघोरा, सरगुजा, बलरामपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर और जशपुर शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने चिटफंड मामलों की समीक्षा के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए थे। इसी निर्देश के बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस की विशेष टीम को इंदौर भेजा गया था। पुलिस टीम ने कई दिनों तक छानबीन और पतासाजी की, जिसके बाद आखिरकार आरोपी जितेन्द्र बीसे को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस पूरे अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपी को अब न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।









