- गिरोह के 03 सदस्यों से कुल 05 दोपहिया वाहन जप्त
- आरोपीगण चोरी की मोटरसाइकिल मासिक 03-05 हजार रुपये तक भाड़े में देते थे
- अन्य आरोपियों की संलिप्तता की पतासाजी जारी
- थाना फरसाबहार में अप.क्र. 66/24 धारा 303(2), 238, 112, 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज
जशपुर।
जशपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उसे भाड़े पर देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना फरसाबहार क्षेत्र में 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 05 दोपहिया वाहन जप्त किए गए हैं। आरोपियों में देवनाथ साय पैंकरा, भजन यादव और देवव्रत साय शामिल हैं।
प्रार्थी आशीष मिंज उम्र 33 वर्ष, निवासी पण्डरीपानी ने 22 नवंबर 2024 को थाना फरसाबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 नवंबर को शाम लगभग 4 बजे वह अपने दोस्त के साथ एक्टिवा स्कूटी क्र. सी.जी. 15 ई.ए. 0851 में साप्ताहिक बाजार फरसाबहार सब्जी खरीदने गया था। उसने स्कूटी को बैंक के पीछे खड़ा किया था। जब वह सब्जी खरीद कर वापस आया, तो देखा कि स्कूटी गायब थी। अज्ञात चोर स्कूटी चोरी कर ले गए थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना फरसाबहार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 238, 112, 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच और गिरफ्तारी
प्रकरण की विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया गया और सायबर सेल की मदद से लगातार आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तुरियालगा (फरसाबहार) के खंडहर गोठान में कुछ अज्ञात लोगों ने मोटरसाइकिलें छिपा रखी हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर दबिश दी, जहां से चोरी की 01 स्कूटी और 04 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
मुख्य आरोपी देवनाथ साय पैंकरा ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले 03 महीनों से रायगढ़, ओडिशा और जशपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी कर रहा था। उसके सहयोगी भजन यादव और देवव्रत साय थे। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलें विक्रय करने के बजाय मासिक 03-05 हजार रुपये किराये पर लोगों को दी थीं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध सबूत पाए जाने पर उन्हें 23 नवंबर 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
पुलिस की भूमिका
प्रकरण की विवेचना और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक भगत, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर (थाना प्रभारी तपकरा), सायबर सेल जशपुर और थाना फरसाबहार के समस्त स्टाफ का योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया, “मोटरसाइकिल चोर गिरोह के 03 सदस्यों को पकड़ने में सफलता मिली है। विवेचना के दौरान गिरोह के बारे में विस्तृत जानकारी एकत्रित कर और मोटरसाइकिल बरामद करने की कार्यवाही की जाएगी।”










