जशपुर जिला पंचायत में सालिक साय बने अध्यक्ष, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव उपाध्यक्ष, भाजपा खेमे में जश्न का माहौल
OM Darpan
कांसाबेल:
जशपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने परचम लहराया। भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य सालिक साय अध्यक्ष और शौर्य प्रताप सिंह जूदेव उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके चयन की खबर मिलते ही कांसाबेल सहित जिलेभर में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी।
निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण
जिला पंचायत के सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न हुई। भाजपा समर्थित डीडीसी सालिक साय ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया, लेकिन किसी अन्य प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा, जिससे वह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इसी प्रकार, उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित डीडीसी शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने नामांकन दाखिल किया, और अन्य किसी ने दावेदारी पेश नहीं की, जिससे वे निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
भाजपा खेमे में जश्न, नेताओं ने दी शुभकामनाएं
दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में जिला पंचायत का विकास नए आयाम छुएगा।
पूजा-अर्चना कर जताया आभार
निर्वाचन के बाद पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के साथ शिव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन