जशपुर पुलिस का ऑपरेशन ‘शंखनाद’ जारी, 10 गौवंश मुक्त- फरार तस्कर झारखंड से गिरफ्तार
OM Darpan
-
गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई
-
सोनक्यारी क्षेत्र से 10 गौवंश बरामद
-
2024 से फरार आरोपी इमरोज़ अंसारी जेल भेजा गया
जशपुर।
गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” निरंतर जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस लगातार गौ तस्करों पर नकेल कस रही है। इसी कड़ी में 5 नवंबर 2025 को पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र के ग्राम गुल्लू से 10 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। वहीं, थाना तुमला क्षेत्र के एक पुराने मामले में फरार आरोपी को झारखंड के लोहरदगा से गिरफ्तार किया गया है।
जंगल से छुड़ाए गए 10 गौवंश
चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति ग्राम गुल्लू के जंगल रास्ते से भारी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके से पुलिस ने 10 नग गौवंशों को सकुशल बरामद किया।
पुलिस टीम की तत्परता रही सराहनीय
मामले में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उपनिरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज और नगर सैनिक शिवशंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्कता और तेज़ कार्रवाई से गौवंशों को बचाया जा सका।
झारखंड से फरार तस्कर गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत थाना तुमला क्षेत्र के वर्ष 2024 के गौ तस्करी प्रकरण में फरार आरोपी इमरोज़ अंसारी को पुलिस ने झारखंड के लोहरदगा से हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी को जशपुर लाकर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
2024 का मामला: छोटा हाथी से गौ तस्करी
वर्ष 2024 में थाना तुमला पुलिस ने ग्राम बारो में छोटा हाथी वाहन (क्रमांक JH 01U 9753) से तीन गौवंशों को बरामद किया था। उस समय आरोपी वाहन और गौवंश छोड़कर फरार हो गए थे। आरोपी इमरोज़ अंसारी की पहचान पुलिस ने पहले ही कर ली थी, जो घटना के बाद से फरार था। टेक्निकल टीम की मदद से लोहरदगा से उसकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि “जशपुर पुलिस द्वारा चौकी सोनक्यारी क्षेत्र से 10 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है। साथ ही तुमला क्षेत्र के एक गौ तस्करी प्रकरण के फरार आरोपी को भी झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन ‘शंखनाद’ जारी रहेगा।”
जरूरी खबरें
विज्ञापन