मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में नई दिशा, जशपुर का हुआ वैश्विक पर्यटन वेबसाइट में समावेश
OM Darpan
Dec 10, 2024 06:57 am
354 views
10 Dec 2024
रायपुर/ जशपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में अब छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला, पर्यटन प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान बन चुका है। जशपुर अब देशभर के यात्रियों के लिए लोकप्रिय पर्यटन वेबसाइट www.easemytrip.com पर उपलब्ध है, और यह प्रदेश का पहला जिला है जिसे इस वेबसाइट में स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जशपुर जिले का वैश्विक पर्यटन के नक्शे में समावेश छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र को और समृद्ध बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।"जशपुर, छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में स्थित एक ऐसा पर्यटन स्थल है जो शहरी जीवन के शोर-शराबे से दूर एक शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करता है। यहां के हरे-भरे चाय बागान, रॉक क्लाइम्बिंग के रोमांच, आदिवासी समुदायों की जीवंत परंपराओं और सुसंस्कृत जीवनशैली से जुड़े अनुभव पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यह स्थान एक अनूठा अनुभव प्रदान करता है, जो लंबे समय तक याद रहता है।
जशपुर जिले में पर्यटन के लिए कई आकर्षक स्थल हैं, जिनमें दमेरा, देशदेखा, चाय बगान, सोगड़ा आश्रम, रानीदाह, कैलाश गुफा, मकरभंजा, एशिया का दूसरा सबसे बड़ा चर्च, मयाली नेचर कैम्प, और कई अन्य स्थान शामिल हैं। यह स्थान विशेष रूप से उन लोगों के लिए आदर्श है जो प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता में रुचि रखते हैं।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जशपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस पहल से छत्तीसगढ़ राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिल रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन