दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के भाजपा कार्यालय में नवकन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर विधायक गजेंद्र यादव ने देवी स्वरूप नवकन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष विनायक नातू, राजेंद्र पाध्ये, सुरेंद्र कौशिक सहित कई पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी कन्याओं को खीर, पूड़ी, फल और मिष्ठान्न प्रसादी परोसी गई।
कार्यक्रम का आयोजन ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत किया गया, जिसमें छोटी-छोटी बच्चियां देवी स्वरूप में आमंत्रित की गईं। विधायक गजेंद्र यादव और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यालय में आईं कन्याओं का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। साथ ही, उनके पैर धोकर सम्मानपूर्वक उन्हें हॉल में कतारबद्ध बैठाया गया। सभी कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई गई और उनके माथे पर चंदन तिलक लगाकर आरती की गई। इसके बाद कन्याओं को भोजन प्रसादी हेतु आमंत्रित किया गया।
भोजन समाप्ति के बाद कन्याओं को उपहार स्वरूप चूड़ियां, बिंदिया और अन्य श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। सभी ने कन्याओं से सुख-समृद्धि और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा कार्यालय “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला संयोजक बानी सोनी, अल्का बाघमार, अजय तिवारी, रजनीश श्रीवास्तव, मानसी गुलाटी, दीपक देवांगन, मौसमी ताम्रकार, ज्योति नामदेव, राजेश्वरी वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।









