जशपुर।
जशपुर पुलिस ने अवैध तंबाखू और गुटखा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये से अधिक का जखीरा जब्त किया है। लोदाम थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे 43 पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध उत्पाद बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए जशपुर पुलिस ने बताया कि लोदाम स्थित मंडी बैरियर पर पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जशपुर-घोलेंग रोड से लोदाम की ओर आ रहे एक लाल रंग के कंटेनर ट्रक (HR55AJ4755) में भारी मात्रा में अवैध तंबाखू उत्पाद का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही लोदाम पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर तत्काल घेराबंदी की गई।

डिटर्जेंट पाउडर की आड़ में गुटखा
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए संदिग्ध ट्रक को रोका। ट्रक चालक ने अपना नाम राशिद खान (40 वर्ष, निवासी फिरोजपुर, थाना महू, जिला महू, हरियाणा) बताया। जब उससे ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछा गया, तो उसने बताया कि इसमें डिटर्जेंट वाशिंग पाउडर है और वह रायपुर से बोकारो (झारखंड) जा रहा है। उसने इससे संबंधित एक रसीद भी पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस को संदेह हुआ और उसने ट्रक की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 100 बोरी विमल गुटखा और 20 बोरी तंबाखू बरामद हुई।
चालक गिरफ्तार, मालिक पर भी कार्रवाई
पुलिस ने जब ट्रक चालक राशिद खान से बरामद गुटखा और तंबाखू के वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया और अवैध गुटखा, तंबाखू उत्पाद के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रक (HR55AJ4755) को भी जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी राशिद खान ने बताया कि उसे ट्रक में लोड माल के बारे में जानकारी नहीं थी, ट्रक मालिक ने उसे डिटर्जेंट पाउडर की रसीद देकर माल रायपुर से बोकारो ले जाने को कहा था। पुलिस इस संबंध में गहन जांच कर रही है और ट्रक मालिक के खिलाफ भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक महेश्वर यादव और आरक्षक हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध गुटखा और तंबाखू उत्पाद का परिवहन करते हुए एक ट्रक को पकड़ा गया है और आरोपी चालक व मालिक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है।









