रायपुर।
अखिल भारत हिंदू महासभा के रायपुर जिला महामंत्री लवकुश गुप्ता ने प्रदेश सरकार पर गौ रक्षा में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। गुप्ता ने दावा किया कि रायपुर के चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर के पीछे बनी गौशाला में हाल ही में एक दर्जन से अधिक गौवंश मृत पाए गए। उन्होंने इसे सरकारी अव्यवस्था और गौ विरोधी मानसिकता का परिणाम बताया है।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
लवकुश गुप्ता ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार, हाल ही में बेमेतरा और बलोदा बाजार जिलों की गौशालाओं से भी ऐसी ही खबरें आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर जिला और आसपास के सरकारी गौशालाओं में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौवंश की मौत हो रही है।
“व्यवस्था पर गंभीर आरोप”
हिंदू महासभा के पदाधिकारी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री ने गौ रक्षा का संकल्प लिया था और गौ माता को ‘राज्य माता’ घोषित करने की बात कही थी। गुप्ता ने आरोप लगाया कि “उनके ही कार्यकाल में गौ माता की सेवा और सुरक्षा में कमी दिख रही है।”
उन्होंने दावा किया कि राजधानी की कई सरकारी गौशालाओं में न तो दाना-पानी की उचित व्यवस्था है और न ही अन्य सुविधाएं, केवल “जिम्मेदारी के नाम पर खोखले दावे” किए जा रहे हैं।
“गौ रक्षा सिर्फ चुनावी मुद्दा”
गुप्ता ने इसे राजनीतिक पाखंड बताते हुए कहा कि सभी पार्टियां गौ माता के नाम का उपयोग केवल चुनावी भाषणों के लिए करती हैं। उन्होंने कहा, “जो सरकार एक दशक पहले गौ रक्षा की बात करती थी, असल में वही आज गौ हत्या के लिए जिम्मेदार है।” उन्होंने चंद्रखुरी की घटना को सरकार की “वास्तविक गौ विरोधी मानसिकता” को उजागर करने वाला बताया।
अपने बयान के अंत में लवकुश गुप्ता ने कहा कि वे गौमाता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और इसके लिए “जेल भी जाना स्वीकार है”।















