अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 452 कट्टा धान जब्त
OM Darpan
महासमुंद।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय पर नकेल कस दी है। जिले में चल रहे सतत अभियान के तहत आज अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाइयों में कुल 452 कट्टा धान जब्त किया गया।
मंडी सचिव की टीम ने दो प्रतिष्ठानों से 152 कट्टा धान पकड़ा
मंडी सचिव महासमुंद के नेतृत्व में गठित निरीक्षण टीम ने लाफिंग खुर्द और ग्राम बम्हनी में छापामार कार्रवाई की।
-
लाफिंग खुर्द स्थित भारत भूषण साहू के प्रतिष्ठान से 50 कट्टा धान
-
ग्राम बम्हनी में खिलावन यादव के प्रतिष्ठान से 102 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।
दोनों ही मामलों में प्रकरण तैयार कर संबंधित विभाग को अग्रिम कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेजी गई है।
सरायपाली में पिकअप वाहन से 60 कट्टा धान जब्त
राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली क्षेत्र के केंदुवा-सागरपाली मेन रोड पर आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान एक पिकअप वाहन से 60 कट्टा (लगभग 24 क्विंटल) धान का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया। टीम ने इस पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
बकमा में शेखर ट्रेडर्स से 240 कट्टा धान जप्त
इसके अतिरिक्त ग्राम बकमा स्थित शेखर ट्रेडर्स से 240 कट्टा अवैध धान जब्त कर मंडी के सुपुर्द किया गया।
प्रशासन का सख्त रुख: दोषियों को होगी जेल
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में धान के अवैध परिवहन एवं संग्रहण के मामलों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
अवैध रूप से धान विक्रय के मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में निगरानी के लिए पुख्ता व्यवस्था की है और स्पष्ट किया है कि दोषियों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन