-
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से आत्मनिर्भर हुई कोलियारी डीही की शारदा, 1000 रुपये की किश्त से शुरू किया अपना व्यवसाय
✍️ विशेष संवाददाता
कोण्डागांव | छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए बड़ा संबल साबित हो रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। इस आर्थिक मदद से महिलाएं न केवल अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई इबारत भी लिख रही हैं।
दूसरों पर निर्भरता खत्म और बढ़ा आत्मविश्वास
कोण्डागांव जिले के बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोलियारी डीही की रहने वाली शारदा नाग के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास का आधार बनी है। शारदा के अनुसार, पूर्व में घर-गृहस्थी चलाने और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें भारी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे वे काफी परेशान रहती थीं।
योजना की राशि से शुरू किया स्वरोजगार
शारदा के जीवन में महतारी वंदन योजना एक नई उम्मीद बनकर आई। योजना के तहत नियमित रूप से मिलने वाली 1000 रुपये की राशि से उन्हें अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी मदद मिली। उन्होंने बताया कि अब वे अपनी जरूरतों के लिए पहले की तरह परेशान नहीं होती हैं। उन्होंने इस सहायता राशि से बचत करना शुरू किया और अपने घर के पास एक छोटी सी किराना दुकान खोल ली। आज इस दुकान के माध्यम से उनके परिवार की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी काफी मदद मिल रही है।
त्योहारों में खुशियां लेकर आई सरकारी सौगात
रक्षाबंधन से ठीक पहले मिली महतारी वंदन योजना की राशि को शारदा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष सौगात माना है। उनका मानना है कि इस योजना ने त्योहार की खुशियों के साथ-साथ उनके पूरे परिवार की आर्थिक खुशहाली को भी बढ़ाया है। अब शारदा अपने स्तर पर परिवार का हाथ बंटा पा रही हैं, जिससे उनके सामाजिक और पारिवारिक स्तर में भी सुधार आया है।









