जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
बस्तर जिला पत्रकार संघ का चुनाव आज रविवार को सम्पन्न हुआ, जिसमें संघ के सदस्यों ने अपने नए पदाधिकारियों का चुनाव किया। इस चुनाव में बस्तर जिला पत्रकार संघ के विभिन्न पदों के लिए नामांकित सदस्य मैदान में थे।

अध्यक्ष पद के लिए संजीव पचौरी, नवीन गुप्ता, प्रशांत गजभिये और मनीष गुप्ता के बीच कड़ा मुकाबला था, जिसमें मनीष गुप्ता ने 61 मतों से जीत हासिल की। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए शिव प्रकाश सीजी और श्रीमती करमजीत कौर के बीच सीधी टक्कर थी, जिसमें शिव प्रकाश सीजी ने 69 मतों से जीत दर्ज की।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए निरंजन दास का चयन हुआ। सचिव पद के लिए धर्मेंद्र महापात्र और राजेश दास के बीच प्रतिस्पर्धा थी, जिसमें धर्मेंद्र महापात्र को 69 मत मिले और उन्हें सचिव घोषित किया गया। इसके अलावा, कोषाध्यक्ष के रूप में सुब्बा राव का चयन किया गया, जबकि वरिष्ठ सहसचिव पद के लिए प्रदीप गुहा और कनिष्ठ सहसचिव पद के लिए बादशाह खान को चुना गया।
चुनाव के बाद सभी नए पदाधिकारियों ने बस्तर जिला पत्रकार संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।










