पंडरिया।
पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा ने आज ग्राम दुल्लापुर बाजार में साहू समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण एवं सरस्वती शिशु मंदिर शाला भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक कार्यक्रम समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक ने आगे कहा कि इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और अन्य आयोजनों के लिए एक समर्पित स्थान मिलेगा, जो उनके सामाजिक जीवन को बेहतर बनाएगा। यह भवन समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एकता और सामूहिक सहयोग को बढ़ावा देगा।
भावना बोहरा ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य पंडरिया विधानसभा के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देना है। साथ ही उन्होंने पंडरिया में सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए सभी वर्गों को एकजुट करने के अपने संकल्प को दोहराया।
विधायक ने कहा, “हमारा लक्ष्य पंडरिया को एक समृद्ध और उन्नत क्षेत्र बनाना है, जिसमें हर वर्ग और समाज के लोग मिलकर काम करें। समाज में हर व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है।”
इस कार्यक्रम में ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के प्रति अपना समर्थन जताया।










