जशपुर।
बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दुलदुला तहसील स्थित ग्राम पंचायत जामटोली के डेवाडेलंगी गांव पहुंचे। उन्होंने मां शारदा धाम में विराजित माता सरस्वती के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं और कहा, “मां सरस्वती की कृपा सदा हम सब पर बनी रहे। वेदों में कहा गया है कि मानव योनी में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। हमें अपने कर्मों को ऐसा बनाना चाहिए कि जब हम इस दुनिया से जाएं, तो लोग हमें याद रखें।”

धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से सराबोर शारदा धाम
मां शारदा धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि शिक्षा और खेलों को प्रोत्साहित करने का भी केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह धाम शिक्षा की अलख जगाने के साथ ही खेलों को भी बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है।
धाम के पास प्रवाहित गिरमा नदी, जो छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमाओं को जोड़ती है, क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को समाहित करते हुए अविरल बह रही है। मुख्यमंत्री ने इस नदी को दोनों राज्यों की परंपराओं को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
24 घंटे का अखंड श्रीहरि कीर्तन और राम नाम जाप जारी
मां शारदा धाम में धार्मिक आयोजनों की परंपरा को निभाते हुए 24 घंटे का अखंड श्रीहरि कीर्तन और राम नाम जाप किया जा रहा है। इस आयोजन में आसपास के 48 गांवों के श्रद्धालु और 12 कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं इस कीर्तन में शामिल हुए और भक्तों के साथ भजन-कीर्तन किया।
धाम पहुंचे अनेक गणमान्यजन
इस धार्मिक आयोजन में कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, रामरेखा धाम के संत उमाकांत महाराज, पवन साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नारायण नामदेव, कार्यक्रम के अध्यक्ष परमेश्वर खेस, आयोजक लाल बिहारी सिंह, कलेश्वर सिंह, राजकुमार सिंह, श्रवण कुमार बड़ाईक, अशोक कुमार गुप्ता, मोहन सिंह, त्रिलोचन प्रधान, विकास प्रसाद, रामा मुंडा और जगदीश बड़ाईक उपस्थित रहे।
बसंत पंचमी के इस पावन पर्व पर मां सरस्वती की आराधना और धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर भक्ति भाव से मां सरस्वती की पूजा की और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










